ज्यौड़ियां। नगर के विभिन्न वार्डों में बीते कई महीनों से स्ट्रीट लाइटों के खराब रहने एवं नियमित लाइनमैन न होने के कारण स्थानीय नागरिकों में चिंता बढ़ रही है। इस संदर्भ में जनहित संरक्षण के लिए पब्लिक जॉइंट एक्शन कमेटी छंब ज्यौड़ियां के प्रधान अमृत भूषण बाबा भारती म्युनिसिपल कमेटी ज्यौड़ियां पहुंचे और अधिकारियों से इस महत्वपूर्ण समस्या के स्थायी समाधान की मांग की।
बाबा भारती ने बताया कि पिछले आठ महीनों से नगर में नियमित लाइनमैन नियुक्त नहीं है। इसके चलते अस्थायी कर्मियों के सहारे ही व्यवस्था चल रही है। परिणामस्वरूप कस्बे की कई गलियों व मुख्य मार्गों में अंधेरा छाया रहता है जिससे नागरिकों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ती है। स्थानीय लोगों के अनुसार इससे रात्रिकालीन चोरी जैसी घटनाओं को भी बढ़ावा मिल सकता है। उन्होंने यह भी अवगत कराया कि लगभग छह माह से म्युनिसिपल कमेटी ज्यौड़ियां के ईओ का अतिरिक्त चार्ज बीडीओ भलवाल के पास है। इस कारण नगरवासियों को शिकायतों के समय ईओ का कार्यालय खाली मिलता है।
इस स्थिति में नागरिकों को समझ नहीं आता कि वे अपनी शिकायत किस अधिकारी के समक्ष रखें। बाबा भारती ने बताया कि इस विषय को जनता दरबार ज्यौड़ियां में विधायक महोदय मोहन लाल भगत के समक्ष भी उठाया जा चुका है, और अब जनता को उम्मीद है कि जनप्रतिनिधि एवं प्रशासन शीघ्र ही इस महत्वपूर्ण जनसुविधा संबंधी समस्या का समाधान करेंगे। स्थानीय नागरिकों ने भी प्रशासन से अनुरोध किया कि नियमित लाइनमैन की नियुक्ति, खराब स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत और नगर पालिका कार्यालय में अधिकारी की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित कर नगर में सुरक्षित एवं सुचारु वातावरण बहाल किया जाए।