अखनूर। नशा मुक्त भारत अभियान के तहत भारतीय सेना की क्रॉस्ड स्वॉर्ड्स गनर्स यूनिट की ओर से बडुई क्षेत्र में व्यापक नशा मुक्ति जागरूकता अभियान चलाया गया। यह कार्यक्रम भारद्वाज अकादमी और सरकारी हाई स्कूल बडुई में आयोजित किया गया।
अभियान में करीब 210 विद्यार्थियों, 27 स्कूल स्टाफ सदस्यों, 17 पूर्व सैनिकों और 28 अभिभावकों ने हिस्सा लेकर नशे के खिलाफ सामूहिक संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान जागरूकता रैली निकाली गई तथा शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। स्कूली बच्चों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
विद्यार्थियों ने हाथों में तख्तियां और जागरूकता संबंधी नारे लेकर लोगों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया। कार्यक्रम में सेना और स्थानीय लोगों के बीच बेहतर समन्वय और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना देखने को मिली।
भारतीय सेना के अधिकारियों ने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखकर स्वस्थ और जिम्मेदार नागरिक बनाना समय की सबसे बड़ी जरूरत है। सेना समाज के साथ मिलकर नशा मुक्त भारत के लक्ष्य को मजबूत करने के लिए लगातार ऐसे अभियान चलाती रहेगी। संवाद