अखनूर। शिक्षा विभाग में प्रशासनिक फेरबदल के तहत डिप्टी सीईओ अखनूर प्रदीप सिंह रखवाल को जोनल एजुकेशन ऑफिसर (जेडईओ) चौकी चौरा का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। अतिरिक्त जिम्मेदारी मिलने के बाद उन्होंने बतौर डिप्टी सीईओ क्षेत्र के विभिन्न स्कूलों का निरीक्षण कर शिक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने मिडिल स्कूल दस्काल और हाई स्कूल कोटली टांडा सहित अन्य स्कूलों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने शिक्षकों की समयपालन, स्कूल रिकॉर्ड के रख-रखाव और स्कूल परिसर की साफ-सफाई की जांच की तथा स्टाफ को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने शिक्षकों को निर्देश देते हुए कहा कि नए शैक्षणिक सत्र को देखते हुए स्कूलों में नामांकन बढ़ाने के लिए विशेष नामांकन अभियान चलाया जाए। साथ ही अधिक से अधिक अभिभावकों को जोड़ने के लिए मेगा पेरेंट-टीचर मीटिंग आयोजित की जाए।
प्रभार मिलने के बाद प्रदीप सिंह रखवाल ने क्षेत्र के स्कूलों के हेडमास्टरों और शिक्षकों के साथ ऑनलाइन बैठक भी की। बैठक में उन्होंने नए शैक्षणिक सत्र की तैयारियों की समीक्षा करते हुए नामांकन बढ़ाने, अनुशासन बनाए रखने, बेहतर शिक्षण व्यवस्था और स्वच्छता पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने कहा कि सभी शिक्षक पूरी जिम्मेदारी और समर्पण के साथ कार्य करें, ताकि सरकारी स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता को और बेहतर बनाया जा सके और अधिक से अधिक विद्यार्थी सरकारी स्कूलों में दाखिला लें।