अखनूर में बजट पे चर्चा कार्यक्रम का आयोजन किया गया
अखनूर। भाजपा पर्यटन प्रकोष्ठ जम्मू-कश्मीर के राज्य कार्यकारिणी सदस्य पुणीत गुप्ता द्वारा शनिवार को अखनूर नगर स्थित तिलक टेंट हाउस में “बजट पे चर्चा” कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में व्यापारी, ट्रांसपोर्टर, पार्टी पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में आमजन ने भाग लिया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से अखनूर विधायक मोहनलाल भगत उपस्थित रहे। उनके साथ भाजपा जिला अध्यक्ष कुलदीप राज शर्मा, जिला प्रभारी विनय गुप्ता, पूर्व पार्षद राकेश मल्होत्रा, शिव सराफ, थोड़ू राम शर्मा, बंसीलाल गुप्ता, अमित गुप्ता, अनिल शर्मा, अनु सिंह सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुणीत गुप्ता ने कहा कि केंद्र सरकार का बजट देश की आर्थिक मजबूती, रोजगार सृजन और बुनियादी ढांचे के विकास को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।
उन्होंने कहा कि बजट में पर्यटन, व्यापार और छोटे उद्यमों को बढ़ावा देने के लिए कई महत्वपूर्ण प्रावधान किए गए हैं, जिनसे जम्मू-कश्मीर सहित सीमावर्ती क्षेत्रों को विशेष लाभ मिलेगा। इस अवसर पर विधायक मोहनलाल भगत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रस्तुत यह बजट केवल वार्षिक आर्थिक दस्तावेज नहीं, बल्कि “विकसित भारत 2047” के लक्ष्य को हासिल करने की ठोस रूपरेखा है। उन्होंने कहा कि बजट में बुनियादी ढांचे, शिक्षा, स्वास्थ्य, डिजिटल विकास, उद्योग और रोजगार पर विशेष जोर देकर देश को आत्मनिर्भर और विश्व की अग्रणी अर्थव्यवस्था बनाने की दिशा तय की गई है। उन्होंने कहा कि यह बजट गांव, गरीब, किसान, युवा और मध्यम वर्ग को सशक्त बनाते हुए आने वाले वर्षों में भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की मजबूत नींव रखेगा।
भाजपा जिला प्रभारी विनय गुप्ता ने कहा कि यह बजट देश को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक मजबूत कदम है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है और यह बजट उसी सोच का प्रतिबिंब है।
उन्होंने उपस्थित लोगों से सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने बजट पर अपने सुझाव भी रखे और आयोजन की सराहना की।