अखनूर। उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी ने शनिवार को अखनूर उप-जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायज़ा लिया। अचानक पहुंचे उपमुख्यमंत्री ने इमरजेंसी वार्ड, ओपीडी, फार्मेसी सेक्शन और अस्पताल परिसर की सफाई व्यवस्था का गहन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मरीजों और उनके परिजनों से सीधी बातचीत कर उनकी समस्याएं जानीं और मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए।
उपमुख्यमंत्री ने अस्पताल में दवाओं की उपलब्धता, स्टाफ की उपस्थिति और स्वच्छता को लेकर विशेष चिंता जताई। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सरकार प्रदेश की जनता को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान सफाई व्यवस्था पर असंतोष जताते हुए उन्होंने ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर को कड़ी फटकार लगाई और तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
निरीक्षण से पहले उपमुख्यमंत्री ने बाबा सुंदर सिंह जी गुरुद्वारा में माथा टेककर क्षेत्र की खुशहाली की कामना की। इस दौरान उनके साथ लोक निर्माण विभाग के एक्सईएन सुनील डोगरा, सहायक कार्यकारी अधिकारी सुनील बौगिया सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।