अखनूर। सरकारी हायर सेकेंडरी स्कूल नरडीवाला में नशा मुक्ति को लेकर एक व्यापक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान छात्रों ने नशा न करने की शपथ ली। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं और अभिभावकों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराना और उन्हें नशामुक्त स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और विभिन्न विभागों के गणमान्य अतिथियों द्वारा नशा मुक्ति की शपथ ग्रहण के साथ हुई। विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. घारो देवी ने कार्यक्रम में स्वागत भाषण देते हुए इस अभियान के महत्व पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर एक विचारोत्तेजक वीडियो प्रदर्शित किया गया, जिसमें विभिन्न प्रकार के नशों के दुष्प्रभावों को दर्शाया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय के छात्रों की तरफ से नशा विरोधी विषय पर प्रस्तुत की गई लघु नाटिका ने दर्शकों को भावुक कर दिया। समाज में बदलाव लाने का संदेश दिया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. अवनीत पराशर ने किया और संपूर्ण व्यवस्थाओं की देखरेख शिक्षिका अभिलाषा राजपूत ने की।
समापन अवसर पर विद्यालय की लेक्चरर रेनू शर्मा की तरफ से धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया, जिसके पश्चात मास्टर अंजू शर्मा के नेतृत्व में छात्रों ने नशा न करने की शपथ ली।