सुनेतर ए में 70वीं वर्षगांठ पर करवाया दंगल
संवाद न्यूज एजेंसी
रामनगर। तहसील रामनगर की पंचायत सुनेतर ए के पदरपटिया मैदान में दंगल का आयोजन किया गया। इसमें दूरदराज क्षेत्रों से आए नामी पहलवानों ने अपने दांव-पेच दिखाकर दर्शकों का मनोरंजन किया।
दंगल में कुल 62 कुश्तियां करवाई गईं जिनमें कई मुकाबले बेहद रोमांचक रहे। दंगल पर डेढ़ लाख रुपये की राशि खर्च की गई। दंगल में रेफरी की भूमिका यशपॉल शर्मा ने निभाई। बड़ी मालियों में 21 हजार, 18 हजार और 15 हजार रुपये के मुकाबले विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। बड़ी संख्या में पहुंचे खेल प्रेमियों और ग्रामीणों ने पहलवानों का उत्साहवर्धन किया। दंगल की पहली और सबसे बड़ी माली 21 हजार रुपये की रही जिसमें दिन पहलवान रामनगर (सत्या तागण) और वरिंदर पहलवान दिल्ली आमने-सामने हुए। दोनों पहलवानों ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया और जीत के लिए कड़े प्रयास किए। लगभग 15 मिनट तक चले इस रोमांचक मुकाबले में दिन सत्या तागण ने शानदार प्रदर्शन करते हुए वरिंदर पहलवान दिल्ली को चित्त कर दिया और दंगल के सरताज बनने का गौरव हासिल किया।
दूसरा बड़ा मुकाबला 18 हजार रुपये की माली का था जिसमें राका पहलवान घोरड़ी और सेरी पहलवान अमृतसर (पंजाब) के बीच टक्कर देखने को मिली। मुकाबले में राका पहलवान ने तकनीक और फूर्ति का प्रदर्शन करते हुए जीत अपने नाम की। वहीं, 15 हजार रुपये की तीसरी बड़ी माली में सुरमू पहलवान होशियारपुर और प्रदीप पहलवान हरियाणा के बीच मुकाबला हुआ। दोनों पहलवानों ने शानदार खेल दिखाया लेकिन अंत में सुरमू पहलवान ने बाजी मारते हुए मुकाबला जीत लिया।
दंगल कमेटी के प्रधान लंबरदार फतेह प्रकाश ने कहा कि सुनेतर ए का यह दंगल क्षेत्र की पुरानी और गौरवशाली परंपरा का हिस्सा है, जिसे ग्रामीणों के सहयोग से लगातार आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि खेल गतिविधियां युवाओं को नशे जैसी बुराइयों से दूर रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने दंगल को सफल बनाने में सहयोग देने वाले ग्रामीणों, खिलाड़ियों और दर्शकों का आभार जताया। इस मौके पर पूर्व सरपंच योगराज, पूर्व नायब सरपंच काकू राम और समाजसेवी श्याम लाल मौजूद रहे।