तेज धूप और उमस भरी गर्मी ने किया लोगों को बेहाल
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। जिले में पिछले करीब दस दिनों तक तेज हवाओं, हल्की बारिश और बादलों के कारण नियंत्रित रहा तापमान अब एक बार फिर उफान पर पहुंच गया है। सोमवार को जिले का अधिकतम तापमान 42.1 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान 26.4 डिग्री दर्ज किया गया। सुबह से ही तेज धूप और उमस भरी गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया। दोपहर होते-होते सड़कों और बाजारों में आवाजाही कम दिखाई दी तथा लोग लू के थपेड़ों से बचने के लिए छांव तलाशते नजर आए।
भीषण गर्मी का सबसे अधिक असर स्कूलों से लौटने वाले विद्यार्थियों, खेतों में काम कर रहे किसानों और दिहाड़ी मजदूरों पर देखने को मिल रहा है। तपती जमीन और गर्म हवाओं के बीच धान की फसल के लिए खेतों की सिंचाई कर रहे किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जिले के पहाड़ी क्षेत्र भी बढ़ते तापमान से अछूते नहीं रहे जहां दिन के समय तेज धूप ने जनजीवन को प्रभावित करना शुरू कर दिया है।
गौरतलब है कि अप्रैल के अंतिम सप्ताह में भी तापमान 42 डिग्री के पार पहुंच गया था और लगातार कई दिनों तक लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ा था। हालांकि मई की शुरुआत में बारिश, तेज हवाओं और बादलों के कारण मौसम में कुछ राहत बनी रही, लेकिन अब मौसम साफ होते ही पारा लगातार नई ऊंचाइयों को छू रहा है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार आने वाले करीब दस दिनों तक गर्मी से राहत मिलने के आसार कम हैं। लगातार बढ़ती गर्मी का असर स्वास्थ्य के साथ-साथ कृषि गतिविधियों पर भी पड़ने की आशंका जताई जा रही है। उधर, स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से दोपहर के समय अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलने, अधिक पानी पीने, हल्के कपड़े पहनने और बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की अपील की है।