- अध्यक्ष समेत सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने संभाला कार्यभार
- वेयरहाउसिंग नीति, टर्नओवर इंसेंटिव और ब्याज सब्सिडी योजना लागू कराने की भी उठाई मांग
अमर उजाला ब्यूरो/संवाद
जम्मू/सांबा। बाड़ी ब्राह्मणा इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (बीबीआईए) की नई कार्यकारिणी ने सोमवार को कार्यभार संभाल लिया। कार्यभार संभालने के साथ ही नई कार्यकारिणी ने साफ कर दिया कि नई उद्योग नीति, फ्रेट सब्सिडी, वेयरहाउसिंग नीति, टर्नओवर इंसेंटिव और ब्याज सब्सिडी योजना जैसे लंबे समय से लंबित औद्योगिक मुद्दों को सरकार के सामने प्रमुखता से उठाया जाएगा।
बाड़ी ब्राह्मणा में बीबीआईए भवन में समारोह में अध्यक्ष तरुण सिंगला के साथ वरिष्ठ उपाध्यक्ष विराज मल्होत्रा, उपाध्यक्ष नितिन सूद, महासचिव सचिन कपूर, सचिव अभिषेक महाजन और कोषाध्यक्ष विवेक सिंघल ने औपचारिक तौर अपने-अपने पदों की जिम्मेदारी संभाली। कार्यभार संभालने के बाद अध्यक्ष ने सदस्यों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि संगठन का पूरा ध्यान मौजूदा उद्योगों के संरक्षण और विकास पर रहेगा। कई उद्योग इस समय कठिन दौर से गुजर रहे हैं। ऐसे में उनकी समस्याओं को सरकार के सामने मजबूती से रखा जाएगा और समाधान के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे।
समारोह में चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री जम्मू के अध्यक्ष अरुण गुप्ता, एसएसआई एसोसिएशन डिग्याना के अध्यक्ष जतिंदर औल, एसोसिएशन ऑफ इंडस्ट्रीज गंग्याल के अध्यक्ष वीरेंद्र जैन, एसएसआई एसोसिएशन बीरपुर के अध्यक्ष गगन जैन सहित विभिन्न औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में उद्योगपति मौजूद रहे।
बीबीआईए की प्रमुख मांगें
- नई उद्योग नीति जल्द लागू हो
- फ्रेट सब्सिडी दोबारा शुरू हो
- वेयरहाउसिंग नीति लागू की जाए
- टर्नओवर इंसेंटिव योजना जारी रखी जाए
- मौजूदा उद्योगों के लिए ब्याज सब्सिडी योजना बहाल हो