राजोरी। सेना कमांडर उत्तरी कमान लेफ्टिनेंट जनरल प्रतीक शर्मा ने शुक्रवार को राजोरी और नौशेरा के अग्रिम क्षेत्रों का दौरा किया। उन्होंने मौजूदा सुरक्षा स्थिति और परिचालन तत्परता की समीक्षा की। उन्होंने सैनिकों के साथ बातचीत की और उच्च मनोबल के साथ 24 घंटे निगरानी के लिए उनकी सराहना की। उन्होंने उत्साह और समर्पण के साथ काम करना जारी रखने को कहा।
इस दौरान उन्हें आतंकवादियों के खिलाफ चलाने वाले ऑपरेशन और घुसपैठ को रोकने के लिए बनाई गई रणनीति से भी अवगत कराया गया। उन्हें सीमावर्ती जिला राजोरी में स्थित अग्रिम चौकियों के दौरे के दौरान नियंत्रण रेखा पर सेना के ग्रिड के साथ-साथ सेना की परिचालन तैयारी की भी जानकारी दी गई।