जम्मू। सर्व शिक्षा अभियान और राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान के शिक्षकों के लिए अच्छी खबर है। शिक्षकों और हेड टीचर पदों के लंबित वेतन की पूरी राशि अगले हफ्ते में कर्मचारियाें के खातों में ट्रांसफर हो जाएगी। शिक्षा निदेशालय ने लंबित वेतन के लिए 215 करोड़ रुपये की राशि जारी कर दी है। स्कूल शिक्षा निदेशक अनुराधा गुप्ता के अनुसार एसएसए और रमसा शिक्षकों के लंबित वेतन के लिए कुल 214.81 करोड़ रुपये की राशि जारी कर दी गई है। इसकी तमाम जानकारी वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई है। शिक्षक इसे ऑनलाइन जांच सकते हैं।
मुख्य शिक्षा अधिकारियाें को अगले एक सप्ताह में संबंधित शिक्षकों को वेतन राशि जारी करनी होगी। इसमें यदि कोई परेशानी आती है तो उससे तुरंत निदेशालय को अवगत करवाना होगा। वेतन राशि वितरण में यदि किसी प्रकार की अनियमितता सामने आती है तो जवाबदेह अधिकारी के खिलाफ नियमों के तहत कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।