श्रीनगर। साइबर सेल गांदरबल ने 68 गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद किए हैं। साइबर सेल को इस वर्ष कई नागरिकों से मोबाइल फोन के गुम और चोरी होने की शिकायतें मिलीं थीं। इन शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए साइबर सेल गांदरबल की एक विशेष टीम ने विभिन्न स्थानों से कुल 68 मोबाइल फोन बरामद किए। इनमें से 50 मोबाइल फोन उनके मालिकों को सौंप दिए गए हैं, जबकि बाकी 18 मोबाइल जल्द लौटाए जाएंगे।
साइबर सेल गांदरबल ने इस वर्ष ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी के मामलों को भी हल किया। इनमें पीड़ितों के खाते में 163,449 रुपये की राशि वापस की गई और 11,45,669.08 रुपये को विभिन्न शिकायतों के बाद रोक लिया गया। सोशल मीडिया से जुड़े मामलों में भी साइबर सेल ने 44 से अधिक ब्लैकमेलिंग और अकाउंट हैकिंग के मामलों को सुलझाया। साइबर सेल गांदरबल ने जनता से अनुरोध किया है कि वे अपने मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का उपयोग सतर्कता के साथ करें, ताकि वे साइबर अपराधों और धोखाधड़ी से बच सकें। अगर कोई साइबर अपराध या धोखाधड़ी का शिकार होता है, तो उसे तुरंत अपनी शिकायत ऑनलाइन पोर्टल Cybercrime.gov.in पर दर्ज करवानी चाहिए या साइबर सेल गांदरबल से संपर्क करना चाहिए।