पौनी। ब्लॉक के पुरिया क्षेत्र में बुधवार सुबह सड़क मार्ग का एक हिस्सा पूरी तरह से धंस गया। इस कारण इस मार्ग से गुजरने वाले वाहनों को खतरा बना हुआ है।
स्थानीय निवासी विकास गंडोत्रा ने बताया कि कुछ दिन पहले उक्त मार्ग पर दरारें देखी गई थीं, लेकिन किसी ने सोचा नहीं था कि इस तरह से सड़क मार्ग धंस जाएगा। पौनी से भांबला, सुंदरबनी शिवखोड़ी, भारख की ओर जाने वाले लोग एकमात्र सड़क मार्ग होने के कारण सारे वाहन यहीं से होकर गुजरते हैं। उन्होंने बताया कि अगर सड़क का बचा हुआ दूसरा हिस्सा भी धंस जाता है तो तमाम लोगों का संपर्क तहसील मुख्यालय से टूट जाएगा। वाहन चालकों को भी खासा नुकसान उठाना पड़ सकता है, वहीं सड़क धंसने वाले क्षेत्र के साथ ऊपर बने मकानों को भी खतरा बना हुआ है।