जम्मू। नटरंग स्टूडियो थियेटर में राजिंद्र कुमार शर्मा द्वारा लिखित और नीरज कांत द्वारा निर्देशित हिंदी हास्य नाटक ‘चोर’ का मंचन किया गया।
नाटक में एक घरेलू घटना को नाटकीय ढंग से प्रस्तुत किया गया। नाटक में नरेश नामक व्यक्ति आधी रात को गहरी नींद में सो रहा था, लेकिन कमरे में अचानक शोर होने से नींद खुल जाती है। उसे आश्चर्य हुआ कि एक चोर के भेष में एक लड़की उसे बंदूक की नोक पर पैसे देने के लिए धमका रही है।
नरेश चोर से बंदूक छीनने में सफल रहा। उसे आश्चर्य हुआ कि बंदूक नकली थी। लड़की ने अपना स्वर बदल दिया और उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। उसने कहा कि अगर उसने पैसे नहीं सौंपे तो वह चिल्लाएगी और उस पर छेड़छाड़ का आरोप लगाएगी। शोरगुल सुनकर नरेश के साले और पत्नी बगल के कमरे से आए और बंद कमरे में हो रही घटना पर अपनी नाराजगी जाहिर की। बाद में पता चला कि महिला चोर वास्तव में उसकी साली थी। इसमें कलाकार महक चिब, अदक्ष भागल, आर्यन शर्मा और मानवी देवी ने किरदार निभाया।