जम्मू। यंग लॉयर्स एसोसिएशन के चुनाव के चलते जानीपुर कोर्ट परिसर में दिनभर गहमा-गहमी रही। सुबह नौ बजे से ही मतदान को लेकर युवा अधिवक्ताओं में भारी उत्साह दिखा। मतदान केंद्र के बाहर दिनभर कतारें लगी रहीं। लिहाजा शाम चार बजे तक 649 अधिवक्ताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
शनिवार तड़के से ही मतदान केंद्र लॉयर्स चैंबर्स कॉम्प्लेक्स के बाहर उम्मीदवारों की टेबलें सजना शुरू हो गई थीं। पोलिंग बूथ कॉम्प्लेक्स की दूसरी मंजिल पर स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में बनाया गया था। टेबलों पर बैठे प्रत्याशियों के समर्थक मतदाता पर्चियां काटने के साथ-साथ अपने पक्ष में वोट देने की भी अपील करते रहे। दूसरी मंजिल पर कॉन्फ्रेंस हॉल के बाहर वोट डालने के लिए मतदाताओं की कतारें शाम चार बजे तक लगीं रहीं। यहां मौजूद सभी प्रत्याशी बूथ पर जाने से पहले मतदाताओं को अपन पक्ष में मतदान करने के लिए रिझाते रहे। बीच-बीच में नारेबाजी भी होती रही।
चुनाव के रिटर्निंग अफसर रोहित शर्मा ने बताया कि मतदान की प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गई है। चुनाव समिति को किसी भी तरह की समस्या का सामना नहीं करना पड़ा। इस दौरान चुनाव समिति के चैयरमेन मनीष चोपड़ा, संयोजक बलदेव सिंह, हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के महासचिव प्रदीप मजोत्रा, संयुक्त सचिव अंशु महाजन और यंग लॉयर्स एसोसिएशन के पूर्व प्रधान नितिन बख्शी भी मौजूद रहे।