जम्मू। बड़ौदा के खिलाफ रणजी मैच में जम्मू-कश्मीर ने अपनी पकड़ मजबूत की है। मैच में दूसरे दिन का खेल जम्मू-कश्मीर के नाम रहा। गेंद और बल्ले से टीम ने शानदार प्रदर्शन कर बड़ौदा को खेल के हर क्षेत्र में चित किया। दिन के खेल में पहले बड़ौदा को 166 रन पर ढेर किया, फिर दूसरी पारी में बल्लेबाजी करते हुए एक विकेट पर 125 रन बनाकर 205 रन की मजबूत बढ़त बना ली। पहली पारी में जम्मू-कश्मीर ने 246 रन बनाए थे।
शुक्रवार को बड़ौदा ने एक विकेट पर 29 रन से आगे खेलना शुरू किया। जम्मू-कश्मीर के स्पिनरों ने बड़ौदा के बल्लेबाजों को अपनी फिरकी से परेशान करना शुरू किया। साहिल लोत्रा चार विकेट, आबिद मुश्ताक और शुभम खजूरिया ने तीन-तीन विकेट झटककर बड़ौदा की पूरी टीम को 62 ओवर में 166 रन पर ही ढेर कर दिया और 79 रन की बढ़त बनाए रखी। दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने उतरी जम्मू-कश्मीर की सलामी जोड़ी ने पहली विकेट के लिए 97 रन की साझेदारी की। शुभम खजूरिया ने नाबाद 67 रन बनाकर शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। दिन का खेल खत्म होने तक जम्मू-कश्मीर ने एक विकेट पर 125 रन बना लिए हैं। शनिवार को मैच के तीसरे दिन जम्मू-कश्मीर के बल्लेबाज अपनी बढ़त को मजबूत करने के इरादे से मैदान में उतरेंगे।