जम्मू। जम्मू कश्मीर भाजपा के संस्थापक सदस्य, पूर्व राज्यसभा सांसद व पूर्व प्रदेशाध्यक्ष शमशेर सिंह मन्हास का 65 वर्ष की आयु में सोमवार को उनके पलोड़ा स्थित आवास पर निधन हो गया। वह पिछले लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे थे। वह अपने पीछे पत्नी, बेटा को छोड़ गए हैं। उनकी एक बेटी भी है, जिसकी शादी हो चुकी है। पार्टी के स्तंभ नेताओं में से एक शमशेर ने भाजपा को जम्मू कश्मीर में मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। मंगलवार की दोपहर पलोड़ा स्थित शमशानघाट पर उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
शमशेर सिंह 23 साल की युवा अवस्था में ही राष्ट्रीय स्वयं संघ के साथ जुड़ गए थे। राष्ट्रवाद के सिद्धांतों पर चलते हुए वह करीब दस साल तक संघ के प्रचारक रहे। वह 1980 में भाजपा से जुड़े और करीब 45 साल तक अपनी सेवाएं दीं। उनकी संगठनात्मक क्षमताओं और पार्टी के प्रति समर्पण ने भाजपा को मजबूत करने में अभूतपूर्व योगदान दिया। वह 1997 में भाजपा के युवा मोर्चा के अध्यक्ष रहे। उनके नेतृत्व में भाजपा को मजबूती मिली। इसके बाद मन्हास 2009 से 2012 तक जम्मू कश्मीर भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष रहे। उनके कार्यकाल में ही भाजपा ने विधानसभा चुनाव में बढ़त हासिल की। जिसके बाद भाजपा के प्रदर्शन में लगातार वृद्धि हुई है। उनकी क्षमताओं को देखते हुए उन्होंने 2015 से 2021 तक राज्यसभा के सदस्य के रूप में जनता को अपनी सेवाएं दीं। उनका जीवन भाजपा के आदर्शों और सिद्धांतों के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक था। वह एक कृषक, राजनीतिक और सामाजिक कार्यकर्ता, धार्मिक मिशनरी और खिलाड़ी के रूप में जाने जाते थे।
-
शमशेर का जाना, भाजपा के लिए निशब्द, स्तब्ध और अपूर्णीय क्षति
राष्ट्रीय स्वयं संघ (आरएसएस) और भाजपा में करीब 55 साल तक वफादार सिपाही के रूप में काम करने वाले पूर्व राज्यसभा सांसद शमशेर सिंह मन्हास के दुनिया से चले जाने से पूरी पार्टी इसे निशब्ध, स्तब्ध और अपूर्णीय क्षति बता रही है। पूर्व प्रदेशाध्यक्ष रवींद्र रैना ने मन्हास के साथ बिताए समय का अनुभव साझा करते हुए कहा कि वह भाजपा के लिए समर्पित कार्यकर्ता थे। वर्ष 2008 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने जम्मू कश्मीर में भाजपा को ऊंचाई तक पहुंचाने के लिए कड़ी मेहनत की। इसके बाद प्रदेशाध्यक्ष के पद पर रहते हुए भी भाजपा को हर समय आगे बढ़ाने के लिए सोचते रहे। राज्यसभा में रहकर जम्मू कश्मीर के ज्वलंत मुद्दों के साथ आम लोगों की आवाज बने रहे। उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा।
शमशेर का नेतृत्व और मार्गदर्शन सदैव हमारे लिए प्रेरणादायक रहेगा-चुघ
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव व जम्मू कश्मीर के प्रभारी तरुण चुघ ने पूर्व सांसद शमशेर सिंह मन्हास के निधन पर शोक जताते हुए उन्हें जम्मू कश्मीर भाजपा का प्रमुख स्तंभ बताया है। उनका दुनिया से चले जाना पार्टी के साथ जम्मू कश्मीर के लिए एक बड़ी क्षति है, जिसकी शायद ही भरपाई की जा सकेगी। वह जम्मू कश्मीर की राजनीति में वह कदवार नेता थे। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
जम्मू कश्मीर और लद्दाख में सबसे अधिक प्रवास किए-असीम
जम्मू। भाजपा के सदस्यता अभियान के प्रभारी असीम गुप्ता ने कहा कि शमशेर सिंह मन्हास को जम्मू कश्मीर और लद्दाख में सबसे अधिक प्रवास का अनुभव था। वह अपने कार्यकाल में संगठन के सबसे सक्रिय सिपाही के रूप में जाने जाते थे। वह दिवंगत पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण जेटली के करीबी थे और राज्यसभा में सांसद बनाने में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा। उनके कार्यकाल में ही जम्मू में भाजपा कार्यालय का निर्माण हो सका। वह राजनीति में माहिर शख्सियत वाले व्यक्ति थे।
-
जम्मू कश्मीर में भाजपा को मजबूत बनाने में अतुलनीय योगदान-सत शर्मा
प्रदेशाध्यक्ष सत शर्मा ने कहा कि पूर्व सांसद शमशेर सिंह के निधन पर दुख जताते हुए कहा कि उनकी प्रेरणादायक नेतृत्व क्षमता और पार्टी के प्रति अटूट समर्पण हमेशा याद रहेगा। जम्मू कश्मीर में भाजपा को मजबूत करने में उनका योगदान अतुलनीय था। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करे और परिवार को यह अपार दुख सहन करने की शक्ति दें। दुख की इस घड़ी में पूरी पार्टी दिवंगत के परिवार के साथ खड़ी है।
ईमानदार और राष्ट्रवादी नेता रहे-अशोक
भाजपा के पूर्व विधायक व वेटरन नेता अशोक खजूरिया ने शमशेर सिंह के साथ बिताए लम्हों को याद करते हुए कहा कि वह एक ईमानदार नेता थे। उनकी छवि हमेशा राष्ट्रवादी रही। वह जिन पदों पर भी रहे उन्होंने जम्मू कश्मीर के लोगों के मुद्दों को उठाकर उनके समाधान तक पहुंचाया। जम्मू कश्मीर में भाजपा को मजबूत बनाने के उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा।