भाजपा मुख्यालय में जनता दरबार में लोगों की समस्याएं सुनते विधायक डा. नरेंद्र सिंह व विक्रम रंधा
जम्मू। भाजपा के जनता दरबार में बुधवार को जेईएम ठेकेदारों के एक शिष्टमंडल ने बिलों के भुगतान में देरी का मुद्दा उठाया। उन्होंने बताया कि एपीसीओ इंफ्राटेक द्वारा पिछले 8 महीने से बिलों का भुगतान नहीं किया गया है, जिससे ठेकेदारों के सामने वित्तीय चुनौतियां खड़ी हो गई हैं। भाजपा मुख्यालय में लगाए गए इस दरबार में विभिन्न शिष्टमंडलों और व्यक्तिगत लोगों ने अपनी समस्याओं को आरएस पुरा-जम्मू दक्षिण के विधायक व भाजपा के राष्ट्रीय सचिव डॉ. नरेंद्र सिंह तथा बाहु के विधायक चौधरी विक्रम रंधावा के समक्ष रखा।
जनता दरबार में विकास संबंधी मुद्दों को उठाया गया। गंग्याल गार्डन से आए एक प्रतिनिधिमंडल ने गहरी नाली की सफाई तथा मौजूदा जल निकासी व्यवस्था के निर्माण/उन्नयन पर जोर दिया। गंग्याल से आए एक अन्य प्रतिनिधिमंडल ने सेंट्रल नाली के निर्माण, नानक नगर के प्रतिनिधिमंडल ने क्षतिग्रस्त गली तथा नाली के निर्माण, जेकेआरटीसी के प्रतिनिधिमंडल ने वीआरएस/जीएचएस की मांग उठाई। इसी तरह त्रिकुटा नगर से आए प्रतिनिधिमंडल ने नाले के निकट रिटेनिंग वॉल को मजबूत करने, एक व्यक्ति ने फार्मेसी पंजीकरण प्रमाणपत्र के नवीनीकरण, एक प्रतिनिधिमंडल ने जेपीडीसीएल से भुगतान में देरी, सुंदरबनी से प्रतिनिधिमंडल ने जम्मू-कश्मीर के विभिन्न गुरुद्वारा साहिबों में 100 पंजाबी स्कूल खोलने, एक प्रतिनिधिमंडल ने ग्रेटर कैलाश में जेएमसी पार्क के रखरखाव पर जोर दिया। भलवाल से आए प्रतिनिधिमंडल ने राब्ता स्कूल में पानी के कनेक्शन की बात कही। इस पर विधायक सिंह ने समस्याओं के समाधान के लिए मौके पर विभागीय अधिकारियों से फोन पर बात की।