जम्मू। जम्मू में नए रेल मंडल को लेकर प्रदेश कांग्रेस ने भाजपा पर निशाना साधा है। पार्टी का कहना है कि कांग्रेस के समय में चलाई गई योजनाओं को ही पूरा करके भाजपा अपनी पीठ थपथपा रही है।
हकीकत तो ये है कि जम्मू संभाग में रेल नेटवर्क को भाजपा सरकार ने पूरी तरह से नजर अंदाज किया है। पार्टी कश्मीर में रेल विस्तार का स्वागत करती है, लेकिन जम्मू का क्या। जिसे पूरी तरह से नजर अंदाज किया है। पार्टी के मुख्य प्रवक्ता रविंद्र शर्मा का कहना है कि राजोरी-पुंछ रेल लिंक, किश्तवाड़ तक ट्रेन पहुंचाने को लेकर कोई काम शुरू नहीं किया गया, जबकि कांग्रेस के वक्त राजोरी-पुंछ रेल लिंक के लिए सर्वे कराने की अनुमति दी थी। बावजूद इसके अब तक इसका सर्वे शुरू नहीं हुआ। किश्तवाड़ में भी कोई सर्वे नहीं हुआ। जम्मू रेलवे मंडल की प्रक्रिया भी कांग्रेस के समय शुरू हुई। कहा कि कांग्रेस के वक्त जम्मू संभाग में रेल विस्तार के लिए करीब 13 हजार करोड़ रुपये मंजूर किए गए, लेकिन इसके आगे कुछ नहीं किया गया।