नेकां पार्टी कार्यालय में आयोजित बैठक के दौरान मौजूद पार्टी कार्यक्रता फोटो नेकां
जम्मू। पंचायत व स्थानीय निकाय चुनाव को लेकर सत्तारूढ़ नेकां अपनी राजनीतिक गतिविधियां तेज करने में लगी है। चुनाव को देखते हुए पार्टी कैडर को लोगों के बीच रहने और समस्याओं को सुनने का आह्वान किया है। पार्टी ने इन चुनावों को अपने दम पर लड़ने की बात कही।
सोमवार को पार्टी कार्यालय में बैठक हुई। इसमें पार्टी के अतिरिक्त महासचिव अजय सडोत्रा ने पार्टी कार्यालय जम्मू में कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने भाजपा के नेतृत्व वाली पिछली सरकार की आलोचना की और आरोप लगाया कि वह ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाएं देने में विफल रही है। भाजपा शासनकाल में विकास और जन कल्याणकारी पहलों की कमी रही। इसके कारण ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों के जीवन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है। उन्होंने कहा, भाजपा सरकार ग्रामीण आबादी की उम्मीदों पर खरा उतरने में विफल रही है। बेहतर बुनियादी ढांचे, स्वच्छ पेयजल, बिजली और सड़क संपर्क के वादे अधूरे हैं। नेकां प्रांतीय अध्यक्ष रतन लाल गुप्ता ने कहा कि बैठक पार्टी के जम्मू शहरी जिला अध्यक्ष चंद्र मोहन शर्मा की अध्यक्षता में हुई। इस दौरान नए साल के उपलक्ष्य में केक काटा। बैठक में नेकां के प्रांतीय अध्यक्ष रतन लाल गुप्ता, गुलाबगढ़ के विधायक इंजीनियर खुर्शीद, पूर्व मंत्री और सेंट्रल जोन के अध्यक्ष बाबू रामपॉल, प्रांतीय सचिव शेख बशीर अहमद और पार्टी के अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।