जम्मू। जम्मू संभाग में पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए अंबारन और अखनूर सर्किट का विकास किया जा रहा है। इसके साथ ही भद्रवाह, सनासर, पटनीटॉप और मानतलाई का भी एकीकृत विकास हो रहा है। भद्रवाह में मॉल रोड बनाया जाएगा। पटनीटॉप रोपवे प्रोजेक्ट की तरह अन्य सुविधाओं का पीपीपी मोड पर विकास होगा।
पर्यटन सचिव यशा मुदगल ने तवी गोल्फ कोर्स सिद्दड़ा में पर्यटन क्षेत्र से जुड़े हितधारकों के साथ बैठक करते हुए सरकार की ओर से पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विभाग एक इवेंट कैलेंडर बनाने की प्रक्रिया में है और हितधारकों को इसे देश भर में पर्यटकों के बीच प्रसारित करने के लिए प्रोत्साहित किया गया है ताकि उन्हें अपनी यात्राओं की योजना बनाने में मदद मिल सके। उन्होंने निवेश आकर्षित करने और जम्मू के उत्थान में पर्यटन के महत्व को दोहराया।
इससे पहले हितधारकों ने व्यापार नियमों में विसंगतियों, अमरनाथ तीर्थयात्रियों के लिए स्थानीय एफएएम पर्यटन का आयोजन, जम्मू के गंतव्यों को बढ़ावा देना, पंजीकरण नियमों को सरल बनाना, पर्यटकों के रात्रि प्रवास में वृद्धि, कटड़ा में तीर्थयात्रियों को पटनीटॉप जैसे नजदीकी पर्यटन स्थलों की ओर मोड़ना जैसे मुद्दे उठाए। इसके साथ ही सनासर और भद्रवाह के पर्यटन स्थलों पर सार्वजनिक सुविधा और अन्य सुविधाएं विकसित करना, प्रसाद योजना को लागू करना, शिव खोड़ी में रोपवे विकसित करना और प्रमुख पर्यटन स्थलों में रोड शो का आयोजन करने पर भी बात रखी। पर्यटन सचिव ने हितधारकों के सुझावों का स्वागत करते हुए कहा कि विभाग द्वारा उनकी 90 प्रतिशत चिंताओं पर पहले से ही काम किया जा रहा है। संयुक्त निदेशक पर्यटन सुनैना शर्मा ने विभाग के चल रहे प्रयासों के बारे में जानकारी प्रदान की। बैठक में जम्मू तवी गोल्फ कोर्स के सचिव मानव गुप्ता, उप निदेशक पर्यटन सविता चौहान, शौकत हयात मट्टू और सहायक निदेशक अंबिका बाली उपस्थित रहे।