जम्मू, श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर पुलिस कांस्टेबल की भर्ती में धांधली का आरोप लग रहा है। राजनीतिक दलों से लेकर युवा सोशल मीडिया पर भर्ती परीक्षा में धांधली का आरोप लगा रहे हैं। पीडीपी विधायक वहीद पर्रा और इल्तिजा मुफ्ती ने परीक्षा में धांधली होने की बात कही है।
इसमें आरोप लगाया है कि पुलिस कांस्टेबल में कार्यकारी, सशस्त्र, एसडीआरएफ की परीक्षा में जिन उम्मीदवारों के शून्य से लेकर 36 अंक हैंं, उनके टेलीकम्युनिकेशन परीक्षा में 73 से लेकर 91 अंक हैं। इसको लेकर अब आवाज उठ रही है और उम्मीदवार इसमें धांधली का आरोप लगा रहे हैं। इसमें आरोप लगाया जा रहा है पुलिस कांस्टेबल कार्यकारी, सशस्त्र, एसडीआरएफ की परीक्षा टेलीकम्युनिकेशन परीक्षा के मुकाबले आसान थी, लेकिन कुछ उम्मीदवारों ने आसान परीक्षा में 30 से कम अंक लिए हैं, जबकि कठिन माने जाने वाले टेलीकम्युनिकेशन की परीक्षा में 70 से 91 तक अंक लिए हैं। पीडीपी प्रमुख की बेटी इल्तिजा मुफ्ती ने कहा कि पुलिस कांस्टेबल की भर्ती परीक्षा में धांधली हुई है। उन्होंने दावा किया कि पुलिस कांस्टेबल में टेलीकम्युनिकेशन और फोटोग्राफर की परीक्षा में बड़े स्तर पर अनियमितताएं हुई हैं। पुलवामा से पीडीपी के विधायक वहीद पर्रा ने भी धांधली का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि जो भर्ती एजेंसियां अपनी पारदर्शिता के लिए जानी जाती थीं आज उनकी तरफ से धांधली की जा रही है। पहले पुलिस सब इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा में भी धांधली हुई थी। एक बार फिर पुलिस कांस्टेबल में टेलीकम्युनिकेशन की परीक्षा में धांधली हुई है। हालांकि जम्मू-कश्मीर सेवा चयन बोर्ड जेकेएसएसबी की तरफ से इस कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं हुआ है।