जम्मू। आसमान में बादल छाने और तेज हवा चलने से शाम साढ़े छह बजे दिन में ही रात जैसा नजारा देखने को मिला। हालांकि तूफान से बिजली ढांचे को नुकसान पहुंचा। शहरभर में अधिकांश जगहों पर बिजली गुल रही। करीब साढ़े सात बजे तक हवा चलने का क्रम जारी रहा।
तेज हवा चलने से कई जगहों पर बिजली के तार टूट गए, ट्रांसफार्मर भी क्षतिग्रस्त हो गए। करीब आठ बजे तक आधे से ज्यादा शहर में बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई थी। बिजली कारपोरेशन के अनुसार सबसे ज्यादा नुकसान ग्रामीण इलाकों में हुआ है। अधिकांश जगहों में पेड़ों की टहनियां तारों पर गिरने से ढांचे को नुकसान पहुंचा। बाकी इलाकों में भी बिजली बहाल करने का काम देर रात तक जारी रहा।