जम्मू। तेज हवाओं के बाद हुई बारिश धान और मक्की की फसल के लिए संजीवनी से कम नहीं है। पहले तापमान में बढ़ोतरी के कारण प्रचंड गर्मी से खेतों से नमी गायब हो गई थी। मई माह के अंत में किसानों ने धान की पनीरी और मक्की बीजी है।
कृषि विभाग के अनुसार इन दिनों बारिश होना जरूरी था। अगर, बारिश नहीं होती है तो पनीरी सूख सकती थी और मक्की की पैदावार में गिरावट आ सकती थी। इसके अलावा बेमौसमी सब्जियों के लिए भी बारिश फायदेमंद होगी। मई माह में बीजाई के दौरान बारिश कम हुई है। इसके बाद रविवार को हुई बारिश के बाद किसानों ने राहत की सांस ली है। कृषि निदेशक एएस रीन ने कहा कि बारिश फसलों के लिए फायदेमंद साबित होगी। इससे पैदावार में बढ़ोतरी होगी। इस समय खेत सूख रहे थे, बारिश की जरूरत थी।