मुख्य सचिव एडेंवर केंद्र के स्थल का निरीक्षण करते हुए
जम्मू। जम्मू संभाग में पर्यटन के बुनियादी ढांचे को मजबूत किया जाएगा। सुरिंसर में पर्यटन सुविधाएं बढ़ाई जाएंगी। इससे पर्यटक यहां पर ज्यादा से ज्यादा आएंगे। यह बात मुख्य सचिव अटल डुल्लू ने सुरिंसर झील के पास एथेम में एडवेंचर केंद्र के विकास के लिए साइट का आंकलन करने के लिए किए दौरे के दौरान कही।
टीम का नेतृत्व जम्मू के संयुक्त निदेशक पर्यटन एजाज केसर ने किया। भारतीय पर्वतारोहण और स्कीइंग संस्थान गुलमर्ग के विशेषज्ञों द्वारा पैराग्लाइडिंग के लिए इस साइट की पहले ही सिफारिश की जा चुकी है। इस दौरे का उद्देश्य एंथेम को विभिन्न साहसिक गतिविधियों के लिए एडवेंचर केंद्र के रूप में विकसित करना है।
साथ ही पैराग्लाइडिंग के लिए इसकी उपयुक्तता के अलावा मनोरंजक और पर्यटन के विकल्प की खोज करना है। आयुक्त सचिव पर्यटन यशा मुदगल ने फील्ड अधिकारियों को प्रत्येक परियोजना के काम के दौरान संबंधित विभागों और हितधारकों को जायजा लेने को कहा। एडवेंचर हब प्रकृति प्रेमियों, पक्षी प्रेमियों और रोमांच के शौकीनों के लिए एक प्रमुख आकर्षण स्थल के रूप में उभरेगा। इस परियोजना में भोजनालय, सार्वजनिक सुविधाएं, सूर्योदय और सूर्यास्त बिंदु और योग मंच जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं होंगी।
पर्यटन विभाग ने पहले ही एनआईएमएएस प्रशिक्षण संस्थान सेप्पा अरुणाचल प्रदेश के सहयोग से पैराग्लाइडरों के एक बैच को प्रशिक्षित किया है। हवा की गति, हवा की दिशा और टेक-ऑफ पॉइंट की ढाल सहित तकनीकी दृष्टिकोण से साइट का आकलन करने के लिए प्रशिक्षित पैराग्लाइडरों ने एकल परीक्षण उड़ानें भरीं। जिसमें ज़िप-लाइन और पैरा मोटरिंग गतिविधियों के साथ-साथ अत्याधुनिक पैराग्लाइडिंग परियोजना की स्थापना भी शामिल है।