जम्मू। कमीशन न मिलने और प्रति माह मानदेय 50 हजार रुपये करने की मांग के समर्थन में राशन डीलरों ने हड़ताल शुरू की है। हालत यह है कि लोग डिपो में जा रहे हैं मगर राशन नहीं मिल रहा है। इससे गरीब लोगों को बाजार से राशन खरीदना पड़ रहा है।
इस पर फेयर प्राइज शॉप एसोसिएशन जेएंडके यूटी के प्रधान अजय गुप्ता ने कहा कि जब तक मांगें पूरी नहीं होतीं। तब तक हड़ताल जारी रखेंगे। सरकार की ओर से डिपो होल्डरों की कमीशन जारी नहीं हो रही है। कोविड के दौरान जान खतरे में डालकर काम किया। लोगों को राशन मुहैया करवाया गया मगर कमीशन नहीं दी गई।
अधिकारियों की ओर से मात्र आश्वासन ही मिल रहे हैं। इस कारण डिपो होल्डर अब हड़ताल पर उतरे हैं। वहीं, सिटी राशन डीलर एसोसिएशन के प्रधान संजय अबरोल ने कहा कि सरकार जल्द फैसला ले और मांगों को पूरा करे।
उधर, टांगे वाली गली में रहने वाले कुलदीप मेहता ने कहा कि डिपो होल्डर से संपर्क किया गया मगर हड़ताल का हवाला दिया। उन्हें मजबूरन महंगे दामों में आटा और चावल खरीदना पड़ रहा है। इस समय देश में इमरजेंसी जैसे हालत हैं। डिपो होल्डर मनमानी कर रहे हैं। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के संयुक्त निदेशक वीरेंद्र सिंह ने कहा कि इस बारे में सूचना नहीं है। अगर किसी ने अपनी मर्जी से दुकानें बंद रखी है तो कार्रवाई की जाएगी।