जम्मू। अमरनाथ यात्रा में भाग लेने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा दी जाएगी। साथ ही यात्रा के दौरान सफाई के विशेष प्रबंध होंगे। यात्रा में हजारों की संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं। यह बात मंडलायुक्त रमेश कुमार ने अमरनाथ यात्रा की तैयारियाें को लेकर हुई समीक्षा बैठक में कही। उन्होंने कहा कि दक्षिण कश्मीर के हिमालय में 3,880 मीटर ऊंचाई पर अमरनाथ गुफा में हजारों की संख्या में श्रद्धालु दर्शन करने पहुंचते हैं।
38 दिवसीय यात्रा 3 जुलाई को दो मार्गों अनंतनाग जिले में पारंपरिक 48 किलोमीटर लंबे पहलगाम मार्ग और गांदरबल जिले से आयोजित होगी। तीर्थयात्रियों का पहला जत्था 2 जुलाई को जम्मू बेस कैंप से रवाना होगा। संभागीय आयुक्त ने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग प्रमुखों को कार्य के लिए जल्द से जल्द निविदा जारी करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि जिलावार स्वीकृत कार्यों में कठुआ से रामबन जिले के बनिहाल तक वार्षिक पवित्र तीर्थयात्रा के मार्ग में जिलों के विभिन्न केंद्रों में सुविधा दी जाए। इसमें बिजली, पानी और शौचालय की व्यवस्था होनी चाहिए।
बैठक में बिजली कारपोरेशन को लखनपुर कठुआ, भगवती नगर जम्मू और चंद्रकोट रामबन में आवास केंद्रों और यात्रा शिविरों में बिजली की आपूर्ति प्रदान करने को कहा। उन्होंने जम्मू नगर निगम और उपायुक्त को जम्मू के भगवती नगर में यात्रा शिविर में कार्यों के टेंडर की प्रक्रिया शुरू करने को कहा। स्वास्थ्य विभाग को यात्रा शिविरों और आवास केंद्रों पर चिकित्सा आपूर्ति का स्टॉक करने और एंबुलेंस की सुविधा देने को कहा। कठुआ, सांबा, जम्मू, रियासी, उधमपुर और रामबन के उपायुक्तों को काम की प्रगति की निगरानी करने को कहा गया है।