जम्मू। भारतीय जन संचार संस्थान (आईआईएमसी) जम्मू अपने विद्यार्थियों को बदलते मीडिया परिदृश्य के अनुरूप तैयार करने की दिशा में एक नया कदम उठा रहा है। संस्थान इस वर्ष अगस्त से न्यू मीडिया की पढ़ाई के लिए एक नया स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम शुरू करने जा रहा है। यह कोर्स ऐसे समय में शुरू किया जा रहा है, जब मीडिया जगत में तकनीकी और डिजिटल बदलाव तेजी से हो रहे हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में बहु-कौशलों वाले पेशेवरों की जरूरत बढ़ती जा रही है।
आईआईएमसी जम्मू, के क्षेत्रीय निदेशक डॉ. दिलीप कुमार ने बताया कि यह कोर्स खासतौर पर उन युवाओं के लिए डिजाइन किया गया है जो न्यू मीडिया, डिजिटल पत्रकारिता और कॉर्पोरेट कम्युनिकेशन जैसे उभरते क्षेत्रों में कॅरिअर बनाना चाहते हैं। उन्होंने बताया कि इसके लिए सीयूईटी पीजी के जरिए एडमिशन की प्रक्रिया चल रही है। अगस्त के महीने में इसकी कक्षाएं शुरू कर दी जाएंगी। इसके अलावा हिंदी और अंग्रेजी पत्रकारिता में स्नाकोत्तर डिप्लोमा कोर्स का भी नया सत्र शुरू हो जाएगा।
मल्टीमीडिया प्रोडक्शन, डेटा एनालिटिक्स सीखेंगे विद्यार्थी
डॉ. कुमार के अनुसार इस कोर्स में विद्यार्थियों को मल्टीमीडिया प्रोडक्शन, वेबसाइट डिजाइनिंग, डिजिटल मार्केटिंग, कॉर्पोरेट कम्युनिकेशन, सोशल मीडिया मैनेजमेंट, डेटा एनालिटिक्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और मशीन लर्निंग जैसे विषयों की आधुनिक और व्यावहारिक जानकारी दी जाएगी। यह कोर्स विद्यार्थियों को सिर्फ पत्रकारिता ही नहीं, बल्कि मीडिया इंडस्ट्री के विभिन्न तकनीकी, कॉर्पोरेट और डिजिटल क्षेत्रों में भी दक्ष बनाएगा। इस कोर्स के जरिए विद्यार्थी डिजिटल कंटेंट निर्माण, मोबाइल जर्नलिज्म, इन्फ्लुएंसर कम्युनिकेशन और ब्रांड मैनेजमेंट जैसे आधुनिक कौशलों का भी प्रशिक्षण प्राप्त कर सकेंगे। डॉ. कुमार ने बताया कि कोर्स की रूपरेखा इस तरह तैयार की गई है कि छात्रों को थ्योरी और प्रैक्टिकल दोनों की बराबर जानकारी मिले। बता दें कि आईआईएमसी देश में पत्रकारिता का अग्रणी संस्थान है। जम्मू में इसका उत्तर क्षेत्रीय परिसर है।