जम्मू। कटड़ा से श्रीनगर के बीच ट्रेन सेवा शुरू होने जा रही है। 19 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कटड़ा से विशेष वंदेभारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। कटड़ा से श्रीनगर के बीच यात्रा का सफर तीन घंटे हो जाएगा, जो सड़क मार्ग से सामान्य तौर पर 6 से 7 घंटे में पूरा होता है। आजादी के 76 साल बाद यह पहला मौका होगा जब कन्याकुमारी से कश्मीर रेल नेटवर्क से जुड़ जाएगा। प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्यमंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने ट्रेन के परिचालन तिथि की पुष्टि की है।
प्रधानमंत्री के दौरे को देखते हुए कटड़ा और रियासी सेक्शन के विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर तैनात कर्मचारियों की सूची मांगी गई है। उधमपुर-श्रीनगर-बारामुला रेल लिंक (यूएसबीआरएल) परियोजना के तहत कश्मीर घाटी तक ट्रेन पहुंचाई जा रही है। यह ट्रेन चिनाब नदी पर बने विश्व के सबसे ऊंचे रेलवे पुल, देश के पहले रेलवे केबल स्टे पुल और 55 से अधिक टनल से होती हुई कश्मीर पहुंचेगी।
जम्मू में पत्रकारों से बातचीत करते हुए डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि 19 अप्रैल को प्रधानमंत्री उधमपुर आएंगे। वहां से हेलीकॉप्टर से चिनाब नदी पर बने विश्व के सबसे ऊंचे रेलवे पुल तक जाएंगे। पुल का निरीक्षण व उद्घाटन करने के बाद कटड़ा आएंगे वहां से विशेष वंदेभारत को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। उन्होंने कहा कि जम्मू रेलवे स्टेशन का निर्माण चल रहा है। अगस्त तक काम पूरा होने के बाद वंदे भारत जम्मू से श्रीनगर तक चलेगी। उन्होंने कहा कि 2014 में प्रधानमंत्री बनने के बाद मोदी ने ही कटड़ा रेलवे स्टेशन का उद्घाटन किया था। उन्होंने कहा, यूं तो जम्मू में पहली ट्रेन 1972 में पहुंची थी, लेकिन 52 साल बाद देश को यह सौगात मिल रही है कि कश्मीर घाटी देश के अन्य हिस्सों के साथ रेल नेटवर्क से जुड़ जाएगी जो पूरे विश्व के लिए एक बड़ी सौगात होगी। हालांकि पहले 17 अप्रैल को प्रधानमंत्री द्वारा ट्रेन के उद्घाटन करने की बात कही जा रही थी, लेकिन अब 19 को तय माना जा रहा है। यूएसबीआरएल के तहत 247 किलोमीटर रेल ट्रेक का निर्माण किया गया है। बारामुला से काजीगुंड तक 118 किमी लंबे खंड पर 2009 से ट्रेन परिचालन हो रहा है जबकि बनिहाल से संगलदान तक 48 किमी खंड पर फरवरी 2024 से ट्रेन परिचालन हो रहा है। इसके बाद बचे कटड़ा तक के 63 किमी खंड का काम दिसंबर 2024 में पूरा हो चुका है, जिस पर अब ट्रेन चलेगी।