दोमाना। भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री सुखनंदन चौधरी ने जम्मू-कश्मीर के लोगों को आश्वासन दिया कि केंद्र शासित प्रदेश में जल्द ही भाजपा की सरकार बनेगी, जो सभी वर्गों की आकांक्षाओं को पूरा करेगी। मिश्रीवाला के गांव पाखियां में सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर में चुनावों की घोषणा एक स्पष्ट संकेत है कि चीजें सही दिशा में आगे बढ़ रही हैं।
सुखनंदन चौधरी ने कहा कि केंद्र में मोदी के नेतृत्व वाली सरकार जम्मू-कश्मीर में विकास और शांति के लिए दिन-रात काम कर रही है। क्षेत्र के लोगों से किए गए सभी वादों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। भाजपा ने हमेशा जम्मू-कश्मीर के विकास, सुरक्षा और भलाई को प्राथमिकता दी है।
पूर्व मंत्री ने कहा कि केवल भाजपा ही यह सुनिश्चित कर सकती है कि लोगों के सपने और आकांक्षाएं पूरी तरह से साकार हों। इस अवसर पर पूर्व सरपंच रोहित वर्मा, नरेश सिंह, कैप्टन रणजीत सिंह, स्वर्ण सिंह और क्षेत्र के अन्य प्रमुख निवासी शामिल थे।