जम्मू। प्रदेश भाजपा के पदाधिकारियों की टीम में जल्द बड़ा फेरबदल होगा। इस संदर्भ में भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव संगठन बीएल संतोष दस जनवरी से जम्मू कश्मीर के दो दिवसीय दौरे पर आ रहे हैं।
पार्टी सूत्रों के अनुसार जिला और मंडल स्तर पर नई टीमों के गठन के बाद अब प्रदेश भाजपा में प्रदेश स्तर पर नई टीम का गठन होगा। उपाध्यक्ष, सचिव, आयोजक सचिव व अन्य पदो पर नए चेहरों को मौका दिया जा सकता है।
विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश भाजपा में संगठन स्तर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा बड़ा बदलाव चाहते हैं और इसके लिए राष्ट्रीय महासचिव संगठन बीएल संतोष को प्रदेश के दौरे पर भेजा जा रहा है।
बीएल संतोष अपने जम्मू प्रवास के दौरान प्रदेश भाजपा के नेताओं से चर्चा कर नई टीम के गठन पर रिपोर्ट तैयार करेंगे और उसे राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को सौंपा जाएगा।