जम्मू। हम तीनों शॉर्टकट से स्कूल जा रहे थे कि अचानक पीछे से ट्रेन आ गई और पुल से नीचे गिर गए। मेरी बहन कहां है, मुझे बहुत दर्द हो रहा है। मेरे पापा-मम्मी को लाओ। जीएमसी की इमरजेंसी में बजालता ट्रेन हादसे में घायल हुआ मोहिउद्दीन (12) बार-बार दर्द से कराहता हुआ यही कह रहा था। वह बदहवास था और अलग-अलग बातें कर रहा था। हादसे में घायल उसकी चार वर्षीय बहन आलिया फातिमा की हालत गंभीर बनी हुई है, जबकि दूसरी बहन हादिया फातिमा की घटनास्थल पर ही मौत हो चुकी है। डॉक्टरों के अनुसार दोनों घायल बच्चे सदमे में हैं और उससे बाहर आने में समय लगेगा।
मोहिउद्दीन ने बताया कि वे तीनों रोज स्कूल जाते हैं। उनका घर स्कूल से थोड़ी ही दूरी पर है। स्कूल का नाम डायमंड पब्लिक स्कूल है। मोहिउद्दीन की दाहिनी बाजू और टांग में फ्रेक्चर आया है, लेकिन अंदरूनी चोट नहीं है। इससे उसकी हालत स्थिर है। मोहिउद्दीन ने बताया कि ट्रेन अचानक आ गई और उन्हें भागने का समय नहीं मिला। मेरी बहन आलिया फातिमा (4) नर्सरी और हादिया फातिमा पांचवीं कक्षा में पढ़ती है। जीएमसी की इमरजेंसी में पहुंचे मोहिउद्दीन के सगे संबंधी उसे जल्द ठीक होने के लिए ढांढस बंधा रहे थे। जीएमसी के सर्जरी विभाग के एचओडी डॉ. रतनाकर के अनुसार मोहिउद्दीन को शरीर के भीतरी गंभीर चोट न होने के कारण उसकी हालत ठीक है, लेकिन आलिया फातिमा के दिमाग और जिगर में चोट लगने के साथ दोनों थाई की हड्डियां टूट गई हैं। इससे उसकी हालत गंभीर है। आलिया को होश आ गया है और डॉक्टरों की टीम उसकी सेहत पर लगातार ध्यान रख रही है। उसकी सर्जरी की जाएगी।