जम्मू। कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष विकार रसूल वानी ने कहा कि स्थानीय मतदाताओं पर विश्वास खोने के बाद अब भाजपा दूसरे राज्यों के लोगों को मतदाता बनाने की कोशिश कर रही है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने पच्चीस लाख नए वोटर बनाने की बात कही थी और अब जिला उपायुक्त जम्मू ने एक आदेश निकालकर साफ कर दिया है कि बाहरी मतदाताओं को जम्मू कश्मीर में शामिल किया जा रहा है। इसमें ऐसा भी प्रावधान रखा गया है कि अगर किसी के पास कोई दस्तावेज नहीं है तो वह तहसीलदार से निवास प्रमाणपत्र बनाकर वोटर बन सकता है।
यहां पार्टी मुख्यालय में बुधवार को पत्रकारों से रूबरू होते हुए वानी ने कहा कि सरकारी की नई व्यवस्था से कोई भी बाहरी जम्मू कश्मीर में मतदाता बन जाएगा, भले ही उसके पास कोई दस्तावेज न हो। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सर्वदलीय बैठक में भरोसा दिलाया था कि बाहरी वोटरों पर कुछ नहीं होगा, लेकिन अब सच्चाई सामने आ रही है। भाजपा स्थानीय मतदाताओं के अधिकार को कम करने के लिए साजिश रच रही है। भाजपा की गलत नीतियों से जम्मू कश्मीर में बेरोजगारी की दर 33 प्रतिशत तक पहुंच गई है। इस मौके पर योगेश साहनी, ठाकुर मनमोहन सिंह, प्रणव शगोत्रा, पवन रैना, नरेंद्र गुप्ता, कर्ण भगत, कपिल सिंह, साहिल शर्मा आदि मौजूद रहे।
-----
शराब और बीयर की बिक्री से पीढ़ियां खराब होंगी
प्रदेशाध्यक्ष विकार रसूल वानी ने कहा कि डिपार्टमेंटल स्टोर पर बीयर की बिक्री से जम्मू कश्मीर में नशे को बढ़ावा मिलेगा। भाजपा प्रदेश के लोगों को रोजगार न देकर शराब के लिए प्रेरित कर रही है। कांग्रेस इसका कड़ा विरोध करती है। उप राज्यपाल प्रशासन का यह फैसला युवा विरोधी है। इससे आने वाली पीढ़ियां खराब हो जाएंगी। कार्यवाहक अध्यक्ष रमण भल्ला ने कहा कि जम्मू को पवित्र वैष्णो देवी मंदिर और अन्य धार्मिक स्थलों के लिए पहचाना जाता है, ऐसे में मंदिरों के शहर में गली मोहल्लों में बीयर और शराब की बिक्री होने से नशे को बढ़ावा मिलेगा। पहले ही जम्मू संभाग में बेतहाशा शराब की दुकानें खोल दी गई हैं। हजारों कर्मचारी अपनी जायज मांगों के लिए सड़क पर हैं, लेकिन सरकार ज्वलंत मुद्दों को छोड़कर शराब की बिक्री बढ़ाने पर ध्यान केंद्रित कर रही है।