जम्मू। गृह मंत्री अमित शाह से राजभवन में डोगरा समाज के प्रतिनिधिमंडल ने मिलकर महाराजा हरि सिंह की जयंती पर अवकाश घोषित करने के लिए आभार जताया। इसके साथ ही गुज्जर, पहाड़ी तथा सिख समुदाय के प्रतिनिधिमंडलों ने मुलाकात कर अपने मुद्दों पर बात की।
शाह ने ट्वीट किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जम्मू-कश्मीर को भारत का अभिन्न अंग बनाने में महाराजा हरि सिंह के योगदान को नमन करते हुए उनकी जयंती पर राजकीय अवकाश घोषित किया है। इसके लिए जम्मू में डोगरा समाज के प्रतिनिधियों ने भेंट कर इस निर्णय पर मोदी जी का ह्रदय से आभार जताया है। प्रतिनिधिमंडल में भाजपा अध्यक्ष रवींद्र रैना, महाराजा के बेटे अजातशत्रु सिंह, पूर्व विधायक देवेंद्र सिंह राणा व आरएस पठानिया, भाजपा सामाजिक व धार्मिक संगठनों के प्रदेश प्रभारी नारायण सिंह, युवा राजपूत सभा के अध्यक्ष राजन सिंह हैप्पी, पूर्व विधायक सुरजीत सिंह सलाथिया शामिल थे। उन्होंने महाराजा हरि सिंह का चित्र भेंटकर डोगरा समाज की आकांक्षाओं तथा महाराजा को सम्मान देने के लिए आभार जताया। राजभवन के बाहर नारायण सिंह ने पत्रकारों से कहा कि महाराजा हरि सिंह के जन्मदिवस पर अवकाश की मांग लंबे समय से चली आ रही थी और जन आंदोलन का रूप ले लिया था। इस मांग को पूरा कर मोदी सरकार ने जनआकांक्षाओं की पूर्ति कर डोगरा समाज के साथ न्याय किया। राज्यसभा सदस्य नामित हुए इंजीनियर गुलाम अली की अगुवाई में गुज्जर समुदाय के प्रतिनिधिमंडल ने अमित शाह को शाल भेंटकर उनके समुदाय से राज्यसभा सदस्य नामित करने के लिए मोदी सरकार का आभार प्रकट किया।
जम्मू-कश्मीर की जनता से संवाद करने को उत्सुक
अमित शाह ने ट्वीट किया कि जम्मू-कश्मीर के तीन दिवसीय प्रवास पर जम्मू पहुंचा। विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से जम्मू कश्मीर की जनता से संवाद करने के लिए उत्सुक हूं।