जम्मू। सब इंस्पेक्टर भर्ती घोटाले में शामिल तीन आरोपियों को 7 और दो की तीन दिन रिमांड अवधि बढ़ा दी गई है। सीबीआई ने रिमांड के लिए आरोपियों को वीरवार को सीजेएम जम्मू के समक्ष पेश किया। राकेश कुमार निवासी मावा अखनूर, केवल कृष्ण निवासी चौधरीवाला खौड़, अश्विनी कुमार निवासी कचरैल खौड़ को 7 दिन और हरियाणा के रेेवाड़ी के रहने वाले जनित यादव और अनिल कुमार को 3 दिन की रिमांड पर लिया गया।
सीजेएम अमर सिंह लंगेह ने कहा कि आरोपी राकेश कुमार, केवल कृष्ण और अश्विनी कुमार को 23 सितंबर को गिरफ्तार किया गया था। इनकी पहले 6 दिन की रिमांड दी गई थी, लेकिन इनके खिलाफ 420 का मामला दर्ज है और यह गैर जमानती अपराध है। इस मामले की जांच अभी शुरूआती चरण में है। इसलिए आरोपियों को हिरासत में रखना जरूरी है। लिहाजा इनको 7 दिन की रिमांड देने की मंजूरी दी जा रही है। वहीं अन्य आरोपियों जतिन यादव और अनिल कुमार का भी रिमांड देना जरूरी है। बता दें कि सब इंस्पेक्टर भर्ती घोटाले में सीबीआई जांच कर रही है। अब तक 8 आरोपियों को पकड़ा जा चुका है। इनमें एक रिटायर सीआरपीएफ कर्मी, एक आईआरपी जवान, एक पुलिस कांस्टेबल और एक सरकारी शिक्षक समेत 8 लोग हैं।