जम्मू। केंद्रीय विश्वविद्यालय जम्मू में स्नातक व एकीकृत दाखिले के लिए 18 सितंबर से लेकर 2 अक्तूबर तक पंजीकरण प्रक्रिया जारी है। इच्छुक अभ्यर्थियों को विवि की ओर से पंजीकरण करने के निर्देश दिए गए हैं। पंजीकरण करवाने वाले अभ्यर्थियों की मेरिट सूची तैयार की जाएगी। मेरिट सूची संबंधित विभागों को भेजी जाएगी। उसके बाद काउंसलिंग शुरू होगी। पंजीकरण के दौरान छात्रों को जो समस्या आती है। उसके निवारण के लिए विवि की ओर से हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं। जो 24 घंटे संचालित रहते हैं। दिए गए नंबरों पर छात्र किसी भी समय अपनी समस्या बता सकते हैं।
उल्लेखनीय है कि बीते महीने सभी केंद्रीय विश्वविद्यालयों में दाखिले के लिए एनटीए ने सीयूईटी की परीक्षा ली थी। जिसका हाल ही में परीक्षा परिणाम जारी कर दिया गया है। अब परीक्षा में शामिल होने वाले सभी अभ्यर्थियों की सूची विश्वविद्यालयों को भेजी जाएगी। सीटों के अनुसार संबंधित विश्वविद्यालयों में प्रवेश दिया जाएगा। जानकारी के अनुसार परीक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर दाखिला दिया जाएगा। अगर सीटें खाली रहेंगी तो उसके लिए अलग-अलग समय में काउंसलिंग की जाएगी। प्रवेश समाप्त होने के बाद कक्षाएं संचालित की जाएंगी। वहीं पीजी में प्रवेश के लिए भी एनटीए ही प्रवेश परीक्षा ले चुकी है, लेकिन अभी परिणाम घोषित नहीं हुआ है। सूत्रों का कहना है कि इस सत्र की शुरूआत नवंबर से होगी, जबकि पहले जुलाई से हुआ करती थी। हालांकि विवि अपनी तरफ से समय के भीतर सत्र को शुरू करने की कोशिश कर रहा है, लेकिन कोरोना के चलते प्रभावित हुई विवरण पुस्तिका को पटरी पर लौटाना मुश्किल है।