जम्मू। एक ही बहुमंजिला इमारत में सभी अदालतों की व्यवस्था की सौगात जल्द मिल सकती है। सूत्रों के अनुसार अब सरकार ने बहुमंजिला इमारत परियोजना को सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है। एक ही छत के नीचे सभी न्यायालयों को संचालित करने के लिए वकीलों ने लंबा आंदोलन चलाया था। मुख्य न्यायाधीश के आश्वासन पर उन्होंने नौ सितंबर को आंदोलन स्थगित कर दिया था और काम पर लौट आए थे।
एक अधिकारी के अनुसार सरकार की ओर से हाईकोर्ट को जगह का चयन करने के लिए कहा है। लोक निर्माण विभाग इस परियोजना की डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार करेगा। नए परिसर में एक ही भवन में सभी अदालतें होंगी। वहीं, सरकार के इस कदम को लेकर वकीलों और न्यायिक अधिकारियों में उम्मीद बंधी है कि जल्द ही परियोजना साकार होगी। उल्लेखनीय है कि वकीलों ने एक माह तक कामकाज ठप रख एक ही इमारत में सभी अदालतें चलाने की मांग की थी। नौ सितंबर को हड़ताल खत्म कर वकीलों ने दस सितंबर को उम्मीद जताई थी कि सरकार उन्हें दोबारा हड़ताल करने को मजबूर नहीं करेगी।