जम्मू। दसवीं कक्षा के विषयवार परिणाम में पिछले वर्ष की तुलना में काफी सुधार देखने को मिला है। पिछले वर्ष सबसे ज्यादा पास प्रतिशत सामाजिक विज्ञान विषय में 85.72 प्रतिशत रहा था, जबकि इस बार सबसे ज्यादा पास प्रतिशत 97 फीसदी हिंदी विषय का रहा है।
स्कूल शिक्षा विभाग गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए कई पहल कर रहा है। विद्यार्थियों के कमजोर विषयों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसके फलस्वरूप इस बार विषयवार परिणाम में काफी सुधार हुआ है। विषय वार पास प्रतिशत देखें तो हिंदी में सबसे ज्यादा 97 फीसदी, विज्ञान और सामाजिक विज्ञान में 92 फीसदी, गणित में 90 फीसदी तो उर्दू में 89 फीसदी विद्यार्थियों ने सफलता हासिल की है, जो पिछले साल की तुलना में पांच से 20 फीसदी तक ज्यादा रहा है। पिछले वर्ष अंग्रेजी विषय का पास प्रतिशत 84 था, जबकि गणित का 78 प्रतिशत, उर्दू का 75 प्रतिशत, विज्ञान का 78 प्रतिशत और सामाजिक विज्ञान का 85 प्रतिशत था। इस बार के परिणाम में ग्रेड में सफल होने वाले विद्यार्थियों की संख्या में वृद्धि हुई है। पिछले वर्ष के मुकाबले इस बार ए1 ग्रेड में सफल होने वाले विद्यार्थियों की संख्या में तीन हजार और ए2 ग्रेड में 34 सौ तक की वृद्धि हुई है।