जम्मू। आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति व तैयारियों पर मंथन के लिए छह से आठ जुलाई तक पटनीटॉप में भाजपा की प्रदेश स्तरीय बैठक का आयोजन होगा। इस बैठक में नई दिल्ली से भाजपा के प्रशिक्षण विभाग के कई नेता भी शामिल होंगे।
पार्टी सूत्रों के अनुसार प्रदेश स्तर की तीन दिवसीय बैठक में मुख्य तौर पर आगामी विधानसभा चुनाव के लिए प्रदेश भाजपा के पदाधिकारियों को प्रशिक्षण मुहैया करवाना है। प्रदेश स्तर पर मुद्दों पर भी चर्चा होगी ताकि विधानसभा चुनाव के लिए जनता के बीच भाजपा मुद्दों पर अपना पक्ष रख सके और जमीनी स्तर पर मजबूत बन सके।
हैदराबाद में भाजपा की दो जुलाई से शुरू हो रही दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में प्रदेश के पांच नेता जिसमें प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र रैना, महासचिव संगठन अशोक कौल, पूर्व उपमुख्यमंत्री कवींद्र गुप्ता, डॉ. निर्मल सिंह, प्रिया सेठी हिस्सा लेने के लिए गए हुए हैं। राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में भी जम्मू-कश्मीर में आगामी विधानसभा चुनाव के अलावा अमरनाथ यात्रा व प्रदेश से संबंधित अन्य कई मुद्दों पर भी चर्चा होने की उम्मीद है।
ऐसे में राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के बाद प्रदेश में पटनीटॉप में हो रही भाजपा की तीन दिवसीय बैठक का महत्व और भी बढ़ गया है। राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में लिए गए फैसलों की जानकारी भी तीन दिवसीय बैठक के दौरान प्रदेश नेताओं को दी जाएगी।