जम्मू। सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों ने भी 12वीं बोर्ड परीक्षा में शानदार प्रदर्शन किया है। साइंस, कॉमर्स, आर्ट्स और होमसाइंस विषय की मेरिट सूची में 68 विद्यार्थियों ने जगह बनाई है। इसमें साइंस में 41, आर्ट्स में 12, कॉमर्स में नौ जबकि होम साइंस में छह विद्यार्थी शामिल हैं।
सरकारी स्कूलों के 39478 विद्यार्थियों ने बोर्ड परीक्षा दी थी, इसमें 65 फीसदी विद्यार्थियों ने सफलता हासिल की है। होम साइंस संकाय में गवर्नमेंट गर्ल्स हायर सेकेंडरी स्कूल मुबारक मंडी की सभी छह छात्राओं ने मेरिट सूची में स्थान हासिल किया है। साइंस संकाय में जम्मू शहर के गवर्नमेंट एसआरएमएल मॉडल हायर सेकेंडरी स्कूल परेड के आठ विद्यार्थी मेरिट सूची में आए हैं, यह समर जोन के सरकारी स्कूलों में सबसे अच्छा प्रदर्शन रहा है। आर्ट्स संकाय में गवर्नमेंट गर्ल्स हायर सेकेंडरी स्कूल शास्त्री नगर जम्मू की तीन छात्राएं मेरिट में आई हैं। वहीं कॉमर्स संकाय में हायर सेकेंडरी स्कूल शास्त्री नगर की तीन छात्राओं ने मेरिट सूची में स्थान हासिल किया है। सरकारी स्कूलों के बच्चों का परिणाम काफी अच्छा रहा है।