जम्मू। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर मंगलवार को सुचेतगढ़ बॉर्डर से लेकर अनंतनाग के मार्तंड सूर्य मंदिर तक योग के कार्यक्रम होंगे। जम्मू कश्मीर में आजादी के अमृत महोत्सव के तहत राष्ट्रीय स्तर पर चिह्नित 75 में से तीन प्रतिष्ठित स्थलों सुचेतगढ़ बॉर्डर पोस्ट, मार्तंड सूर्य मंदिर अनंतनाग और एसकेआईसीसी श्रीनगर में केंद्रीय मंत्री डॉ जितेंद्र सिंह, कपिल महेश्वर पाटिल और डॉ. भारती प्रवीण पवार मौजूद रहेंगे। वहीं इनके अलावा प्रदेश भर में करीब पांच हजार स्थलों पर योग के कार्यक्रम होंगे।
मंडलायुक्त जम्मू रमेश कुमार का कहना है कि जम्मू संभाग का प्रमुख कार्यक्रम सुचेतगढ़ बॉर्डर पोस्ट पर होगा। वहीं जम्मू शहर में एमए स्टेडियम और केके हक्कू स्टेडियम में भी योग के कार्यक्रम होंगे। विभागीय और जिला स्तर पर भी योग के कार्यक्रमों का आयोजन आयुष, युवा, सेवा एवं खेल विभाग के सहयोग से होगा।
भाजपा के अंतरराष्ट्रीय योग समारोह समिति के संयोजक चंद्र मोहन शर्मा का कहना है कि भाजपा प्रदेश में 1500 स्थलों पर योग के कार्यक्रमों का आयोजन अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर कर रही है। जम्मू शहर में मुख्य कार्यक्रम ऐतिहासिक मुबारक मंडी और जनाना पार्क जम्मू में होंगे। इसके अलावा भारतीय योग संस्थान, पतंजलि योगपीठ द्वारा भी प्रदेश में करीब 300 से ज्यादा जगहों पर योग के कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। स्थानीय स्तर की योग संस्थाओं की तरफ से भी सैकड़ों संस्थानों पर योग के कार्यक्रमों का आयोजन होगा।
वहीं पर्यटन विभाग की तरफ से विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल गुलमर्ग, पटनीटॉप, सनासर, मानसर आदि स्थलों पर भी पर्यटकों के लिए योग के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।