जम्मू। राहुल भट के दसवें पर कश्मीरी पंडित समुदाय ने प्रदर्शन किया और सरकार पर कश्मीरी पंडितों को पर्याप्त सुरक्षा नहीं देने का आरोप लगाया।
मुट्ठी घाट में रखे श्रद्धांजलि कार्यक्रम में कश्मीरी पंडित समाज के हजारों लोगों ने भाग लिया। इसके बाद गुस्साए लोगों ने जम्मू-अखनूर मार्ग को बंद कर राहुल भट्ट के कातिलों को सजा देने की मांग की। काफी देर हाईवे पर वाहनों की आवाजाही अवरुद्ध रही। इस दौरान समुदाय के लोगों ने कहा कि पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद घाटी में अशांति फैला रहा है। कश्मीरी पंडितों की लक्षित हत्याएं हो रही हैं। लोगों ने कश्मीर घाटी में तैनात कश्मीरी पंडित कर्मचारियों को जम्मू में तैनात करने की भी मांग की। आतंकियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रशासन से मांग की कि घाटी को पूरी तरह से आतंक विहीन किया जाए। घाटी में कश्मीरी पंडित दोबारा नहीं बसे, इसकी साजिश रची जा रही है। पाकिस्तान और अलगाववादी संगठन इसके पीछे हैं। इस प्रदर्शन में विभिन्न स्थानों पर रहने वाले कश्मीरी पंडित भी पहुंचे थे। इस दौरान दुर्गा नगर से मुट्ठी के लिए एक बाइक रैली भी निकाली गई।
मृतक राहुल भट के पिता बिट्टा जी भट ने कहा कि सरकार मृतक की पत्नी को कम से कम ग्रेड 3 की नौकरी दे। इस दौरान बॉलीवुड फिल्म निर्माता अशोक पंडित ने कहा कि कश्मीरी पंडितों को सरकार पर्याप्त सुरक्षा दे। पीएम पैकेज के तहत घाटी के विभिन्न जिलों में तैनात कर्मचारियों का तबादला कर उन्हें जम्मू संभाग में नियुक्त किया जाए। सरकार कश्मीरी पंडितों की भावनाओं के साथ खेलना बंद करे। अब कश्मीरी पंडित अपना राजनीतिक इस्तेमाल नहीं होने देगा।