जम्मू। श्री अमरनाथ यात्रा की तैयारियां तेज की गई हैं। देशभर की बैंक शाखाओं में 45 हजार से अधिक यात्रियों ने अग्रिम यात्री पंजीकरण करवा लिया है। जेेएंडके बैंक ने ही अपने 13 कार्य दिवस में 20599 यात्रियों का पंजीकरण किया है। आगामी 30 जून से 11 अगस्त तक चलने वाली अमरनाथ यात्रा में इस बार रिकार्ड शिव भक्तों के पहुंचने की उम्मीद है। इसमें 7-8 लाख यात्रियों की आमद को देखते हुए तैयारियां की जा रही है। इस बार यात्री पड़ाव स्थलों का विस्तार किया जा रहा है। जिससे यात्रा रुकने या अन्य आपात स्थिति में एक ही जगह पर हजारों यात्री ठहराए जा सकेंगे।
इस बार 43 दिन की अमरनाथ यात्रा के लिए देशभर में 500 से अधिक जेएंडके बैंक, एसबीआई, पीएनबी और यस बैंक शाखाओं में पंजीकरण प्रक्रिया जारी है। कोविड महामारी के दो साल बाद यात्रा हो रही है। जेएंडके बैंक के एमडी व सीईओ बलदेव प्रकाश ने कहा कि बैंक के समर्पित काउंटरों के माध्यम से यात्रियों को आसान और सुगम पंजीकरण की सुविधा दी जा रही है। बुनियादी बैंकिंग प्रदान करने के लिए यात्रा मार्ग के साथ दो विशेष काउंटर, चार एटीएम और दो माइक्रो एटीएम स्थापित किए जाएंगे। हमारी 90 नामित व्यावसायिक इकाइयों में से किसी से 3 अगस्त तक पंजीकरण करवा सकते हैं।
--------
सलाहकार ने यात्री निवास का जायजा लिया
जम्मू। सलाहकार राजीव राय भटनागर ने बुधवार को रामबन स्थित निर्माणाधीन चंद्रकोट अमरनाथ यात्री निवास
की प्रगति का जायजा लिया। सलाहकार ने कहा कि यात्री निवास पर यात्रियों को सभी जरूरी सुविधाएं मुहैया करवाना सुनिश्चित बनाया जाए। इसके साथ दिव्यांग लोगों के लिए सार्वजनिक सुविधाएं स्थापित की जाएं। उन्होंने नाशरी के बीच चार लेन परियोजना के डिजाइन और निष्पादन से संबंधित मुद्दों पर जिला उपायुक्त से चर्चा की। उन्होंने जिला प्रशासन को जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर यात्रा के लिए फुलप्रूफ सुरक्षा योजना तैयार करने को कहा। उन्होंने जिले में बिजली की उचित आपूर्ति के लिए सभी उपाय करने को कहा।