जम्मू। परिसीमन आयोग जम्मू-कश्मीर के दो दिवसीय दौरे पर चार अप्रैल को आएगा। अपने दो दिवसीय दौरे में आयोग जम्मू और श्रीनगर में जनता की आपत्तियों व सुझावों को सुनेगा। आयोग का यह प्रदेश का दूसरा दौरा है। आयोग ने 14 मार्च को विधानसभा तथा लोकसभा हलके का निर्धारण करते हुए एक सप्ताह में सुझाव तथा आपत्तियां मांगी थीं। निर्धारित तिथि 21 मार्च तक कुल 409 आपत्तियां आयोग के समक्ष पहुंची हैं। दौरे में आयोग की अध्यक्ष न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) रंजना देसाई, मुख्य चुनाव आयुक्त सुशील चंद्रा भी होंगे।
आयोग चार अप्रैल को जम्मू के कन्वेंशन सेंटर में जम्मू संभाग के सभी 10 जिलों के लोगों को सुनेगा। सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक कठुआ, उधमपुर, डोडा, रामबन, किश्तवाड़, राजोरी व पुंछ तथा दोपहर साढ़े 12 से ढाई बजे तक रियासी, सांबा व जम्मू के लोगों की सुनवाई करेगा। अगले दिन पांच अप्रैल को श्रीनगर के शेरे कश्मीर इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर (एसकेआईसीसी) में सुबह 10 बजे से सुनवाई होगी। दो घंटे तक श्रीनगर, बडगाम, अनंतनाग, कुलगाम, पुलवामा व शोपियां तथा दोपहर साढ़े 12 से ढाई बजे तक गांदरबल, बांदीपोरा, कुपवाड़ा व बारामुला के लोगों की बात आयोग सुनेगा। आयोग ने कहा है कि प्राप्त सभी सुझाव व आपत्तियां आयोग के पास विचारार्थ हैं। इसी वजह से लोगों से प्राप्त आपत्तियों पर सुनवाई के लिए सार्वजनिक बैठकों का आयोजन किया गया है।
आपत्तियां दर्ज कराने वाले ही रख सकते हैं बात
आयोग के अनुसार जिन लोगों ने सुझाव व आपत्तियां प्रस्तुत की हैं और आयोग के समक्ष अपने मामले को पेश करना चाहते हैं वे उपस्थित होकर अपनी बात रख सकते हैं। आयोग के सचिव केएन भार के अनुसार ऐसे लोग निर्धारित समय पर उपस्थित होकर अपनी बात रख सकते हैं।
आयोग छह मई से पहले सौंपेगा रिपोर्ट
मुख्य चुनाव आयुक्त सुशील चंद्र साफ कर चुके हैं कि छह मई से पूर्व आयोग अपनी अंतिम रिपोर्ट सौंप देगा। इस रिपोर्ट के सौंपे जाने के बाद प्रदेश में चुनाव विभाग की तरफ से मतदाता सूची के संशोधन का काम शुरू किया जाएगा। अक्तूबर या नवंबर महीने में प्रदेश में विधानसभा चुनाव हो सकते हैं।