जम्मू। विश्व टीबी दिवस पर वीरवार को दिल्ली में हुए एक कार्यक्रम में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया ने टीबी की रोकथाम में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए कश्मीर संभाग के अनंतनाग, कुपवाड़ा और पुलवामा जिलों को स्वर्ण पदक देकर सम्मानित किया। इसके साथ बारामुला जिले को कांस्य पदक दिया गया। प्रासंगिक रूप से उक्त तीनों जिलों ने टीबी की रोकथाम मामलों में 60 से 80 प्रतिशत तक की कमी में प्रगति दिखाई है। जिससे तीनों को स्वर्ण पदक की श्रेणी में लाया गया। भारत के किसी केंद्र शासित प्रदेश में जम्मू कश्मीर में पहली बार एक साथ तीन जिलों को स्वर्ण पदक मिला है। इसी तरह बारामुला जिले ने 20 प्रतिशत की कमी दर्ज की है। इस कांस्य श्रेणी में देश के अन्य 55 जिलों को भी लिया गया है। जम्मू कश्मीर की ओर से स्वास्थ्य व चिकित्सा शिक्षा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव विवेक भारद्वाज, स्वास्थ्य निदेशक कश्मीर डॉ. मुश्ताक अहमद राथर सहित उक्त तीनों जिलों के उपायुक्त, डीटीओ और एसटीओ शामिल हुए।