जम्मू। पर्यटन और स्कीइंग के लिए दुनियाभर में विख्यात गुलमर्ग के गंडोला पर पर्यटकों के लिए ई टिकटिंग की सुविधा शुरू की गई है। देश दुनिया के पर्यटक अब आनलाइन बुकिंग के माध्यम से गंडोला की सवारी का मजा ले सकेंगे। इसमें जेएंडके बैंक के सुविधा पोर्टल में जाकर कोई भी डेबिट/क्रेडिट कार्ड या ई बैंकिंग के उपयोह करके दुनिया से कहीं से भी टिकट बुक कर सकता है, जो एक क्यूआर कोड उत्पन्न करता है और उसे फोन में रखा जा सकता है। उद्घाटन समारोह में जेएंडके बैंक के एमडी व सीईओ बलदेव प्रकाश और जम्मू कश्मीर केबल कार कारपोरेशन (जेकेसीसीसी) के एमडी मोहम्मद अकबर वानी ने अपना पहला आनलाइन टिकट बुक किया।
एमडी बलदेव ने कहा कि सेवाओं के डिजिटलीकरण से हम बेहतर भविष्य की ओर बढ़ रहे है। यह दुनियाभर के पर्यटकों के लिए सुविधा प्रदान करने में एक लंबा रास्ता तय करेगा। कारपोरेशन के एमडी ने कहा कि जम्मू कश्मीर बैंक के समर्थन से पर्यटकों के लिए यह आनलाइन सुविधा शुरू हो पाई है।