जम्मू। हाई सिक्योरिटी श्रीनगर सेंट्रल जेल में मोबाइल फोन पहुंचाने वाले एक पुलिसकर्मी को निलंबित कर दिया गया है। शिकायतों के आधार पर जेल विभाग की ओर से शुरू की गई सर्विलांस में वह इस प्रकार का कृत्य करता पकड़ा गया। पुलिसकर्मी को निलंबित करने के साथ ही समयबद्ध विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं। डीजी जेल बी श्रीनिवास ने यह मामला गृह विभाग को भेजते हुए कहा कि उसे बटालियन में भेजने से पहले निलंबित किया जाए और विभागीय जांच कराई जाए।
गृह विभाग के प्रमुख सचिव शालीन काबरा की ओर से जारी आदेश के अनुसार जेके आर्म्ड पुलिस छठीं बटालियन के सलेक्शन ग्रेड कांस्टेबल मुताजिर अब्बास को निलंबित किया गया है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा। डीजीपी अब्बास के खिलाफ विभागीय जांच कर दो महीने में रिपोर्ट प्रस्तुत करें। निलंबन की अवधि में अब्बास आर्म्ड पुलिस मुख्यालय जम्मू में तैनात रहेगा। वह एडीजी की बिना अनुमति के मुख्यालय परिसर को नहीं छोड़ेगा। निलंबन की अवधि में उसे नियमों के तहत भत्ता मिलता रहेगा।