जम्मू। सामुदायिक स्वास्थ्य में छह महीने का सर्टिफिकेट कोर्स और बीएससी इंटिग्रेटेड कोर्स के लिए रविवार को आयोजित प्रवेश परीक्षा में तीन हजार से अधिक अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया। जम्मू संभाग में 1321 व कश्मीर में 1820 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। कुल 3141 अभ्यर्थियों ने प्रवेश परीक्षा दी।
जम्मू में पद्मश्री पद्मा सचदेव कालेज गांधीनगर, जीजीएम साइंस कालेज, एसपीएमआर कामर्स कालेज, महिला कालेज परेड तथा कश्मीर में एसपी कालेज श्रीनगर, अमर सिंह कालेज श्रीनगर, अब्दुल आजाद मेमोरियल कालेज श्रीनगर, एसपी हायर सेकेंडरी स्कूल श्रीनगर में परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। दोनों संभागों में प्रवेश परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की ओर से पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए थे।
मिशन के निदेशक यासीन एम चौधरी ने बताया कि प्रवेश परीक्षा में सफल होने वाले वाले अभ्यर्थी छह महीने का सर्टिफिकेट कोर्स इग्नू एवं कश्मीर विश्वविद्यालय से करेंगे। इसे पूरा करने के बाद उन्हें स्वास्थ्य प्रदाताओं के रूप में नियुक्त किया जाएगा जो जमीनी स्तर पर प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने में भूमिका निभाएंगे।