पुलिस विभाग 2022 के लिए योजनाएं एवं रणनीति तैयार करे। इसी के अनुरूप कार्रवाई कर लक्ष्य को हासिल किया जाए। 2021 में भी पुलिस का प्रदेश भर में बेहतर प्रदर्शन रहा है। यह बात जेडपीएचक्यू जम्मू में एक दिवसीय उच्च स्तरीय बैठक में पुलिस महानिदेशक दिलबाग सिंह ने कही। उन्होंने कहा कि योजना एवं रणनीति से 2022 के लिए लक्ष्य निर्धारित करने में मदद मिलेगी।
अपराधों की रोकथाम के लिए और अधिक जन समर्थन प्राप्त करने की जरूरत है। आधुनिक और पारंपरिक पुलिस दोनों समान रूप से महत्वपूर्ण हैं। लंबित यूएपीए और एनडीपीएस मामलों के तत्काल निपटान के लिए लक्ष्य निर्धारित करने का निर्देश देते हुए डीजीपी ने दोषियों की सजा सुनिश्चित करने के लिए जांच की गुणवत्ता और तकनीकों में सुधार करने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि एनडीपीएस, यूएपीए और विशेष प्रकृति के मामलों की जांच के लिए जिला एसएसपी की सीधी निगरानी में विशेष टीमें गठित की जाएं। उन्होंने अधिकारियों को यूएपीए की जांच के दौरान एसओपी का पालन करने का निर्देश दिया और एडीजीपी जम्मू को सभी विशिष्ट एसएसपी को एसओपी की प्रतियां प्रसारित करने के लिए कहा।
डीजीपी ने अधिकारियों को फरार अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने अधिकारियों को असामाजिक और राष्ट्र विरोधी तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने को कहा। शांति विरोधी तत्वों के प्रयासों को बेअसर करने के लिए हर कदम उठाया जाना चाहिए।
डीजीपी ने विशेष प्रकृति के अपराधों से अधिक प्रभावी ढंग से निपटने के निर्देश दिए। राष्ट्रीय राजमार्ग के संबंध में डीजीपी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपनी जरूरतें यदि कोई हो तो पीएचक्यू को दें। उन्होंने दुर्घटना संभावित स्थानों पर प्राथमिक उपचार दल तैनात करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कानून का पालन करने वाले लोगों का सम्मान किया जाना चाहिए ।