जम्मू। कोविड की तीसरी लहर के बीच जम्मू कश्मीर में टीकाकरण अभियान में तेजी लाई गई है। मंगलवार को प्रदेश में 14078 लोगों को एहतियाती कोविड खुराक दी गई। इसमें चिकित्सा कर्मी, फ्रंट लाइन कर्मी और 60 साल से अधिक आयु वर्ग वाले लोग शामिल हैं। जिला जम्मू में सर्वाधिक 3051 लोगों को खुराक मिली। इसी तरह उधमपुर में 1214, राजोरी में 565, कठुआ में 510, पुंछ में 265, रामबन में 388, डोडा में 816, किश्तवाड़ में 114, रियासी में 282 और सांबा में 511 लोगों को खुराक दी गई। इसी तरह 42711 किशोरों को कोविड टीके की पहली खुराक दी गई। स्वास्थ्य व चिकित्सा शिक्षा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव विवेक भारद्वाज ने कहा कि कोविड उपयुक्त व्यवहार को अपनाकर ही तीसरी लहर से बचा जा सकता है। इसके साथ सभी को पूर्ण टीकाकरण करवाना चाहिए।